मथुरा। थाना सुरीर क्षेत्र अंतर्गत गांव नगला पाती स्थित जूनियर हाईस्कूल की बेंच लेकर आया आईशर कैंटर हाईटेंशन तार से छू गया। जिसके चलते उसमें करंट उतर गया जिससे चार बच्चे झुलस गए। वहीं 2 शिक्षकों को भी करंट का झटका लगा है।
शनिवार को सुरीर के गांव नगला पाती स्थित जूनियर हाईस्कूल में कानपुर से बेंच आई थीं। यह बेंच एक कैंटर में आई थीं। इनमें से 12 बेंच इस स्कूल पर उतरनी थीं। जबकि कुछ बेंच अन्य स्कूलों के लिए भी आई थीं।
विद्यालय में कार्यरत शिक्षक संजय ने बताया कि उन्होंने अपने साथी शिक्षक आलोक के साथ बेंच उतरवा लीं। इसके बाद जब चालक कैंटर मोड़ रहा था, तभी कैंटर अचानक बंद हो गया। जिसके चलते वह और आलोक उसमें धक्का लगा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय में लंच कर रहे चार बच्चे भी धक्का लगाने पहुंच गए। तभी ऊपर से गुजर रही 11 हजार की हाईटेंशन लाइन से कैंटर छू गया और उसमें करंट उतर गया। इससे शिक्षक संजय और आलोक को झटका लगा। वहीं बच्चों के नंगे पैर होने के कारण वह झुलस गए। जिसके चलते वहां चीख पुकार मच गई।
झुलसने वाले बच्चों में कक्षा 6 के छात्र दीपक, सातवीं के दिनेश, दाऊ और भोला शामिल हैं। चारों बच्चों को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। ग्रामीणों ने कैंटर चालक अनूप निवासी जहानाबाद फतेहपुर को पकड़ लिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की जांच कर रही थी।